मुख्यमंत्री ने कहा- सार्थक प्रयासों से 12 दिन में सूबे में कम हुए कोरोना के केस, बढ़ाएं बेड

उत्तर प्रदेश के मुखिया सूबे में तीन जिलों के दौरे पर हैं, अलीगढ़ के बाद मथुरा में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यवस्थाएं देखने आए।

मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में आए। उन्होंने यहां बनाए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर व सरकारी जिला अस्पताल का निरीक्षण भी किया। तैनात अधिकारियों से समीक्षा बैठक की। सीएम ने पत्रकारों संग बातचीत भी की।

कोरोना से लड़ाई चल रही
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई चल रही है, पिछले 12 दिन में पूरे प्रदेश में सक्रिय केसों की संख्या कम हुई है। वर्तमान में प्रदेश में 20,4000, सक्रिय केस हैं। सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक चार करोड़ से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। एक दिन में दो लाख 92 हजार टेस्ट किए गए हैं।

दूसरी लहर में ऑक्सीजन की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस की पहली लहर में एल-वन, एल-टू और एलथ्री अस्पताल थे। पहली लहर में एक पॉजिटिव व्यक्ति एल-वन अस्पताल में ही ठीक हो जाता था। लेकिन दूसरी लहर में स्थिति बदली है, अब ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ रही है। वर्तमान में प्रदेश में बेड की संख्या बढ़ी है। ऑक्सीजन की सप्लाई में एयरफोर्स भी मदद कर रही है। सुरक्षा कवच के रूप में टीकाकरण अभियान चल रहा है। अब तक 45 प्लस में एक करोड़ 45 लाख को टीकाकरण किया जा चुका है।

बिना भेदभाव के टीकाकरण
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार बिना भेदभाव के मुफ्त टीका लगा रही है। प्रदेश में 26,5000 और मथुरा में 36,000 युवाओं को टीका लग चुका है। ऑक्सीजन के लिए  2,000000 कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए गए हैं। मथुरा में एक्टिव केस की संख्या कम होना शुरू हो गई है। बीमारी से बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है। बीमारी छुपाएं नहीं बल्कि उपचार कराएं।

गांवों में चल रहा स्क्रीनिंग का काम
प्रदेश के 97 हजार गांव में स्क्रीनिंग का काम चल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महामारी के खिलाफ हमें सामूहिक रूप से लड़ना होगा। कोरोना वॉरियर्स का मनोबल बढ़ाना है। जिम्मेदार पदों पर बैठेलोग ऐसी हरकतें न करें जिससे कोरोना की लड़ाई प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के नियमों का पालन करें। मास्क पहनें, दो गज की दूरी का पालन करें। सीएम ने पूरे प्रशासन को धन्यवाद देकर पत्रकार वार्ता को समाप्त किया।

चाक चौबंद रहीं व्यवस्थाएं
गुरुवार दोपहर को मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर वेटरनरी विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरा, यहां जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे। सीएम मथुरा में पहुंचने से पहले अलीगढ़ गए थे। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया था। साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्था की गईं। उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेक एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने अधीनस्थ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी थी।

Comments