करें यह उपाय, नहीं होगी धन की कमी

यजुर्वेद में बताई गई विधि से रुद्राभिषेक करना अत्यंत लाभप्रद माना गया हैं, लेकिन जो व्यक्ति इस पूर्ण विधि-विधान से पूजन करने में असमर्थ हैं वे लोग केवल भगवान सदाशिव के षडाक्षरी मंत्र "ओम नमः शिवाय" का जप करते हुए रुद्राभिषेक तथा शिव-पूजन कर सकते हैं।



भगवान शंकर कल्याणकारी हैं। इसलिए उनकी पूजा-अराधना से समस्त मनोरथ पूर्ण हो जाते हैं। हिंदू धर्मशास्त्रों के मुताबिक भगवान सदाशिव का विभिन्न प्रकार से पूजन करने से विशिष्ठ लाभ की प्राप्ति होती है। वहीं सावन माह में विधि-विधान से रुद्राभिषेक करना अत्यंत लाभप्रद माना गया हैं, लेकिन जो व्यक्ति इस पूर्ण विधि-विधान से पूजन करने में असमर्थ हैं वे लोग केवल भगवान सदाशिव के षडाक्षरी मंत्र "ओम नमः शिवाय" का जप करते हुए रुद्राभिषेक तथा शिव-पूजन कर सकते हैं। सावन माह में भगवान शिव का जलाभिषेक करना शुभ माना जाता है। इस दौरान आपके द्वारा किए गए कुछ उपाय मात्र से ही आपको धन लाभ के अलावा सुख समृद्धि भी आसानी से प्राप्त हो सकती है। अधिकांश शिवभक्त सावन माह में भगवान शिव का अभिषेक करते हैं, लेकिन बहुत कम ऐसे लोग हैं, जो यह जानते हैं कि शिव का अभिषेक क्यों किया जाता हैं? अभिषेक शब्द का शाब्दिक अर्थ है स्नान करना या कराना दूधेश्वर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरि कहते हैं कि शास्त्रों में ऐसा कहा गया है कि एकमात्र सदाशिव रुद्र के पूजन से सभी देवताओं की पूजा स्वतः हो जाती है। शास्त्रों में विविध कामनाओं की पूर्ति के लिए रुद्राभिषेक के पूजन के निमित्त अनेक द्रव्यों तथा पूजन सामग्री को बताया गया है। साधक रुद्राभिषेक पूजन विभिन्न विधि से तथा विविध मनोरथ को लेकर करते हैं। किसी खास मनोरथ की पूर्ति के लिये तदनुसार पूजन सामग्री तथा विधि से रुद्राभिषेक किया जाता है।


पूर्ण होगी अभिष्ट कामना


ऐसे तो अभिषेक साधारण रूप से जल से ही होता है। परन्तु विशेष अवसर पर या सोमवार, प्रदोष और शिवरात्रि आदि पर्व के दिनों मंत्र गो दुग्ध या अन्य दूध मिला कर अथवा केवल दूध से भी अभिषेक किया जाता है। विशेष पूजा में दूध, दही, घृत, शहद और चीनी से अलग-अलग अथवा सब को मिलाकर पंचामृत से भी अभिषेक किया जाता है। तंत्रों में रोग निवारण के लिए अन्य विभिन्न वस्तुओं से भी अभिषेक करने का विधान है। इस प्रकार विविध द्रव्यों से शिवलिंग का विधिवत अभिषेक करने पर अभीष्ट कामना की पूर्ति होती है।


Comments