मुख्यमंत्री योगी ने लहराया प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा

 


गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के समापन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामगढ़ ताल के किनारे लगाए गए प्रदेश के सबसे ऊंचे तिरंगे (246 फीट) को लहराया। उन्होंने वर्जुअल माध्यम से वंदे मातरम धुन के बीच एलईडी स्क्रीन पर राष्ट्रीय ध्वज लहराया। इससे पहले प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगा था। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कोणार्क मंदिर की तर्ज पर बने जेट्टी प्रवेश द्वार और बुद्ध प्रवेश द्वार का भी लोकार्पण किया।

उद्योगपति अमर तुलस्यान ने गोरखपुर में प्रदेश का सबसे ऊंचे तिरंगे की योजना बनाई थी। दिसंबर 2017 में जिला प्रशासन से इसके लिए अनुमति मिल गई थी। इसका ढांचा तैयार कर तिरंगा लगाने वाली कंपनी ने इसका ट्रायल भी कर लिया था।



रामगढ़ताल किनारे लगा प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा

इसी बीच नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से रामगढ़ ताल के किनारे किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक लगा दी गई थी। बाद में जीडीए की ओर अनुमति मिलने के बाद यहां पोल खड़ा कर दिया गया। करीब एक साल से तिरंगा फहराने का इंतजार किया जा रहा था। अब यह इंतजार खत्म हुआ।

15 किलोमीटर दूर से नजर आएगा तिरंगा

गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगे तिरंगे की ऊंचाई 211 फीट है। गोरखपुर में इससे 35 फीट ऊंचा यानी 246 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया गया। इसे 15 किलोमीटर की परिधि से देखा जा सकता है।

Comments