वृंदावन: यमुना में प्रदूषण पर सरकार गंभीर, मुख्यमंत्री योगी बोले- 2022 में मिलेगा स्वच्छ जल

वृंदावन में रविवार को मुख्य्मंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतों को संबोधित करते कहा कि ब्रज क्षेत्र को वैश्विक मंच पर पुर्नस्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जो संकल्पना है, उसे हम ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वृंदावन आगमन पर संतों के साथ यमुना के शुद्धिकरण पर मंथन किया। ब्रज के संतों, धर्माचार्य एवं भगवताचार्यों के साथ मुलाकात में मुख्यमंत्री ने 2021 के अंत के साथ 2022 में शुद्ध यमुना जल के प्रवाह का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री योगी दोपहर करीब साढ़े 12 बजे परिक्रमा मार्ग स्थित कृष्ण कृपा धाम में स्वामी ज्ञानानंद के आश्रम पहुंचे। स्वामी ज्ञानानंद के नेतृत्व में ब्रज के संतों, धर्माचार्य एवं भगवताचार्यों के साथ मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने यमुना के शुद्धिकरण पर गहन मंथन किया।
मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास देवाचार्य, गोकुल के पंकज बाबा, भागवताचार्य संजीव कृष्ण ठाकुर ने मुख्यमंत्री को ब्रज में यमुना की स्थिति से अवगत कराया। स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि यमुना शुद्धिकरण की वर्षों पुरानी मांग को अब पूरा करने का समय आ गया है। यमुना में आज भी गंदे नाले गिर रहे हैं।


यमुना में प्रदूषण पर सरकार गंभीर
यमुना शुद्धिकरण को लेकर लंबे समय से आंदोलन भी चल रहा है। मथुरा-वृंदावन ही एक मात्र तीर्थ ऐसा है जो यमुना के तट पर है। इस पर मुख्यमंत्री ने संतों को यमुना प्रदूषण मुक्ति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। संतों को बताया कि यमुना जल्द ही प्रदूषण मुक्त होगी। केंद्र सरकार भी इस पर गंभीर है।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी परिक्रमा मार्ग स्थित संत ज्ञानानंद के आश्रम कृष्ण कृपा धाम पहुंचे, जहां अन्य संतों से मुलाकात करने के साथ ही आश्रम में ही भोजन किया। आश्रम में अन्य संतों की पंगत में पहुंच कर उन्होंने भोजन प्रसाद परोसा। आश्रम में ज्ञानानंद के साथ मुख्यमंत्री ने वृंदावन की तमाम समस्याओं पर विचार विमर्श किया। इसके बाद वह संत विजय कौशल के आश्रम में भी गए।

बांकेबिहारी के दर्शन किए
सुबह 11. 37 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पर उतरा। यहां से कार में सवार होकर मुख्यमंत्री योगी बांकेबिहारी मंदिर के लिए रवाना हुए। मंदिर में योगी आदित्यनाथ ने बांकेबिहारी दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर ठाकुरजी का आशीर्वाद लिया।

Comments