योगी सरकार के चार वर्ष का समारोह शुरू, लखनऊ में केशव मौर्य बोले- यूपी को जैसा चाहिए था वैसा सीएम मिला

 


लखनऊ। अवध शिल्पग्राम में योगी सरकार के चार वर्ष का समारोह शुक्रवार दोपहर को शुरू हुआ। योगी सरकार की उपलब्धि पर तैयार गीत प्रस्तुत किया गया। भोजपुरी गायक दिनेश लाल निरहुआ ने बाबा विश्वनाथ की ऐसी अलख जगाए योगी जी, सपना रामराज का पूरा कर दिखलाए योगी जी प्रस्तुत किया। समारोह में निराश्रित पेंशन योजना के प्रमाण पत्र और आयुष्मान भारत के लाभार्थी को गोल्डन कार्ड वितरित किए गए।


संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने 'हम लाए है अपराध से यूपी निकाल कर, इस क्षेत्र को रखना मित्रों संभाल कर' गीत से अतिथियों का स्वागत किया। कहा कि योगी सरकार में जंगलराज समाप्त कर विकास का मार्ग प्रशस्त किया गया। सपा सरकार में पहला काम आतंकियों के केस वापस लेने का सर्क्युलर जारी किया। योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहली कैबिनेट में किसानों का कर्ज माफ किया। चार साल में सड़क, शिक्षा, चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाया है। देश मे यूपी के प्रति नजरिया बदल दिया है। पहले बैंक यूपी सरकार को कर्ज नही देते थे, अब बैंक लोन देने के लिए कतार लगाए खड़े है। हमने यह कभी नहीं कहा कि अपराध खत्म हो जाएंगे, लेकिन अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है।


उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी में पहले जंगलराज था। पुलिस थानों में एक पार्टी का राज था। शिक्षा और नकल माफिया का राज था। हमने नकलविहीन परीक्षा कराई है। तीन नए राज्य विश्विद्यालय बनाए जा रहे हैं। 28 नए निजी विश्विद्यालय की स्थापना की जा रही है। उत्तर प्रदेश में शैक्षिक परिवर्तन का अध्धयन करने लोग आ रहे हैं। माफिया यूपी छोड़कर भाग रहे है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विश्व के सबसे शक्तिशाली नेता के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिले। यूपी को जैसे मुख्यमंत्री चाहिए वैसे मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ मिले है। यदि कार्यकर्ताओ ने मेहनत नहीं की होती तो हमे यूपी को बदलने का मौका नहीं मिलता। सपा एक एक्सप्रेस वे का नाम लेती थी, हमने चार साल में पांच नए एक्सप्रेस वे बनाने जा रहे हैं। सपा सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिलता था आज अपराधी ख़ौफ़ खाकर भाग रहे हैं। मोदी योगी सरकार हर वर्ग के लिए काम किया है। विरोधी ट्वीटर और राजनीति करते हैं। 2022 में भी विपक्षी दलों के लिए कोई रास्ता नहीं मिलेगा। 100 में 60 हमारा है, 40 प्रतिशत में सबका बंटवारा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि ऐसा मुख्यमंत्री प्रदेश को नहीं मिलेगा। सपा और बसपा ने एक दो जिले और परिवार तक राजनीति को सीमित रखा। सपा सरकार का काम नहीं कारनामा बोलता था। आज चार साल में चार नए एक्सप्रेस वे, नए एयरपोर्ट, फिल्म सिटी की स्थापना हो रही है। सपा शासन में राम भक्तों पर गोली चली थी। आज प्रदेश में अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन किया गया है। सपा सरकार में मुजफ्फरनगर, सहारनपुर दंगे हुए। योगी सरकार ने माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया है। योगी सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है। गन्ना किसानों को एक लाख 16 हजार करोड़ का भुगतान किया गया है। सपा में लूट, भर्ती घोटाला हुआ योगी सरकार में बिना किसी भेदभाव के भर्ती हुई है। चार साल में भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, सांसद कौशल किशोर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविन्द शुक्ला, मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी, एसीएस नवनीत सहगल, अवनीश अवस्थी, महापौर संयुक्ता भाटिया, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, विधायक सुरेश तिवारी उपस्थित हैं।

Comments