आरएसएस ने बनाया 50 बेड का आइसोलेशन सेंटर, रहने-खाने और इलाज नि:शुल्क

 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा 50 बेड का आइसोलेशन सेंटर में बिना लक्षण वाले मरीज के लिए रहने की व्यवस्था बनाई गई है, रहने-खाने व दवाओं का इंतजाम नि:शुल्क रहेगा

गोरखपुर। कोरोना संक्रमण की कठिन चुनौती के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की महानगर इकाई ने शुक्रवार को 50 बेड का आइसोलेशन सेंटर बनाया है। जिन कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेशन में किसी तरह की दिक्कत है वह भाऊराव देवरस छात्रावास बिलंदपुर सूरजकुंड स्थित आरएसएस के सेंटर पर जाकर रह सकते हैं। मरीजों के खाने, रहने का इंतजाम संघ की तरफ से नि:शुल्क किया जाएगा। डाक्टर की सलाह पर दवा और व्यायाम के माध्यम से रोगियों को जल्द ही स्वस्थ बनाने का प्रयास भी होगा।

आरएसएस गोरक्ष प्रांत के आइसोलेशन सेंटर का उद्घाटन शुक्रवार को प्रांत प्रचारक सुभाष जी ने किया। प्रांत प्रचारक ने कहा कि यह सेंटर कोरोना के सामान्य मरीजों के लिए बनाया गया है। बेहतर परिणाम मिलने पर आइसोलेशन के बेड और बढ़ाए जाएंगे। संघ सेवा परमो धर्म: के भाव से आरएसएस हर आपदा से उबरने का हर संभव प्रयास करता है। इस कोरोना महामारी के खिलाफ देश भर में जगह-जगह सेवा कार्य शुरू हो चुके हैं।

संकल्प-सेवा-समर्पण भाव ही संघ है। इसी भावना के साथ यह आइसोलेशन सेंटर शुरू किया गया है। मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टर भी नियुक्त किए गए हैं। आइसोलेशन सेंटर पर रहने वाले लोगों की सेवा स्वयंसेवक करेंगे। उन्हें दवाएं व भोजन भी नि:शुल्क दिया जाएगा। प्रांत संघचालक डॉ. पृथ्वीराज सिंह ने स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया और कहा कि मानव सेवा करना हमारा कर्तव्य है। यहां आने वाले मरीजों के साथ हम अपने परिजनों जैसा व्यवहार करेंगे और उन्हें संघ की खूबियों से अवगत करायेंगे। 

 

रखे जाएंगे बिना लक्षण वाले मरीज 

प्रांत संघचालक व सेवा भारती के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि आइसोलेशन सेंटर में ऐसे मरीजों को लिया जाएगा, जो कोरोना पॉजिटिव हैं। किसी तरह के लक्षण नहीं हैं। ऑक्सीजन लेवल 95 तक होना चाहिए। मरीजों को योग, व्यायाम व संस्कार भी कराएंगे। समय-समय पर डॉक्टरों की टीमें उन्हें आकर परामर्श देगी। समय-समय पर  दवाएं, जलपान व भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। 

इस मौके पर सह प्रांत प्रचारक अजय, प्रांत प्रचारक प्रमुख यशोदानंद, प्रांत संपर्क प्रमुख अरुण मल्ल, प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख सुरेंद्र तिवारी, दुर्गेश त्रिपाठी, राजबिहारी विश्वकर्मा, डॉ. राजेश बरनवाल, विंध्याचल, दुर्गा राय, अमरदीप गुप्ता, शीतल मिश्र मौजूद रहे।


हेल्प डेस्क भी बनाई गई: मरीजों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। डॉ. राजेश श्रीवास्तव 93359 43114, विंध्याचल 9795473989, अरुण मल्ल 9389045050 और डॉ. राजेश बरनवाल 9889880001 को फोन करके मदद ली जा सकती है।

Comments