मां कात्यायनी करती हैं विवाह में आने वाली दिक्कतों को दूर

नवदुर्गा देवी पार्वती (शक्ति) के नौ रूपों में छठवीं रूप हैं मां कात्यायनी

आचार्य पंडित शरद चंद्र मिश्र ने बताया कि शक्ति की षष्ठी रूप मां कात्यायनी विवाह में आने वाली बाधाओं को भी दूर करती हैं। नवरात्रि में विधि पूर्वक पूजा करने से विवाह संबंधी दिक्कत दूर होती हैं। एक कथा के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में प्राप्त करने के लिए बृज की गोपियों ने माता कात्यायनी की पूजा की थी। माना जाता है कि माता कात्यायनी की पूजा से देवगुरु बृहस्पति प्रसन्न होते हैं और कन्याओं को अच्छे पति का वरदान देते हैं।

नवरात्रि के पर्व का 18 अप्रैल को छठवां दिन है। नवरात्रि का छठा दिन मां कात्यायनी को समर्पित है। पंचांग के अनुसार 18 अप्रैल रविवार को चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि है। इस दिन नक्षत्र आद्रा रहेगा। चंद्रमा इस दिन मिथुन राशि में गोचर करेगा। नवरात्रि का पर्व बहुत ही पावन और पवित्र माना जाता है। नवरात्रि के पर्व में प्रत्येक दिन मां के अलग-अलग स्वरूप की विधि पूर्वक पूजा की जाती है। मां दुर्गा के इन स्वरूपों का जीवन में विशेष महत्व है।

मंत्र

  • चन्द्रहासोज्ज्वलकरा शार्दूलवरवाहन।
  • कात्यायनी शुभं दद्याद्देवी दानवघातिनी ॥

'कात्यायनी' अमरकोष में पार्वती के लिए दूसरा नाम है, संस्कृत शब्दकोश में उमा, कात्यायनी, गौरी, काली, हेेमावती व ईश्वरी इन्हीं के अन्य नाम हैं। शक्तिवाद में उन्हें शक्ति या दुर्गा, जिसमे भद्रकाली और चंडिका भी शामिल है, में भी प्रचलित हैं। यजुर्वेद के तैत्तिरीय आरण्यक में उनका उल्लेख प्रथम किया है। स्कन्द पुराण में उल्लेख है कि वे परमेश्वर के नैसर्गिक क्रोध से उत्पन्न हुई थीं , जिन्होंने देवी पार्वती द्वारा दी गई सिंह पर आरूढ़ होकर महिषासुर का वध किया। वे शक्ति की आदि रूपा है, जिसका उल्लेख पाणिनि पर पतञ्जलि के महाभाष्य में किया गया है, जो दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व में रचित है। उनका वर्णन देवीभागवत पुराण, और मार्कंडेय ऋषि द्वारा रचित मार्कंडेय पुराण के देवी महात्म्य में किया गया है जिसे ४०० से ५०० ईसा में लिपिबद्ध किया गया था। बौद्ध और जैन ग्रंथों और कई तांत्रिक ग्रंथों, विशेष रूप से कालिका पुराण (१० वीं शताब्दी) में उनका उल्लेख है, जिसमें उद्यान या उड़ीसा में देवी कात्यायनी और भगवान जगन्नाथ का स्थान बताया गया है।

परम्परागत रूप से देवी दुर्गा की तरह वे लाल रंग से जुड़ी हुई हैं। नवरात्रि उत्सव के षष्ठी को उनकी पूजा की जाती है। उस दिन साधक का मन 'आज्ञा चक्र' में स्थित होता है। योगसाधना में इस आज्ञा चक्र का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। इस चक्र में स्थित मन वाला साधक माँ कात्यायनी के चरणों में अपना सर्वस्व निवेदित कर देता है। परिपूर्ण आत्मदान करने वाले ऐसे भक्तों को सहज भाव से माँ के दर्शन प्राप्त हो जाते हैं।

मां कात्यायनी ने किया था महिषासुर का वध

नवरात्रि के पर्व में मां कात्यायनी की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। पौराणिक कथा के अनुसार मां कात्यायनी ने महिषासुर का वध किया था. महिषासुर एक असुर था, जिससे सभी लोग परेशान थे। मां ने इसका वध किया था। इस कारण मां कात्यायनी को दानवों, असुरों और पापियों का नाश करने वाली देवी कहा जाता है। मां कात्यायनी देवी का स्वरूप आकर्षक है। मां का शरीर सोने की तरह चमकीला है। मां कात्यायनी की चार भुजा हैं और इनकी सवारी सिंह है। मां कात्यायनी के एक हाथ में तलवार और दूसरे हाथ में कमल का फूल सुशोभित है। साथ ही दूसरें दोनों हाथों में वरमुद्रा और अभयमुद्रा है। 

गोधुलि बेला में करें मां कात्यायनी पूजा

नवरात्रि की षष्ठी तिथि को मां कात्यायनी की पूजा गोधुलि बेला यानि शाम के समय में करना उत्तम माना गया है। मां कात्यायनी की पूजा विधि पूर्वक करने से सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है और शत्रुओं का नाश होता है. रोग से भी मुक्ति मिलती है।



पूजा की विधि

मां कत्यायनी की पूजा में नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है। मां की पूजा आरंभ करने से पूर्व एक लकड़ी की चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर मां को स्थापित करें। पूजा में पांच प्रकार के फल, पुष्प, मिष्ठान आदि का प्रयोग करें. आज के दिन पूजा में शहद का विशेष प्रयोग किया जाता है। छठे दिन माता कात्यायनी को पीले रंगों से श्रृंगार करना चाहिए।


Comments