गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा 'ताउते' तूफान, पीएम मोदी ने की ठाकरे से बात

मुंबई में 114 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी, मुंबई और सूरत एयरपोर्ट बंद


देश के दक्षिण पश्चिम राज्यों में चक्रवाती तूफान ताउते का खतरा मंडरा रहा है। अब ये तूफान गुजरात की ओर से बढ़ रहा है। मौसम विभाग की माने तो 17 और 18 मई को गुजरात में भारी बारिश की संभावना है। अबतक इस तूफान की वजह से प्रभावित इलाकों में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि सैकड़ों पेड़ गिर चुके हैं और कई गांव तक प्रभावित हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज शाम तक ताउते गुजरात के तट से टकराएगा और इसी बीच मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक को बंद करने का फैसला लिया गया है।

अहमदाबाद: धोलेरा से 962 लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
गुजरात के अहमदाबाद जिले के कलेक्टर संदीप सागले ने बताया कि धोलेरा से 962 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। यहां कुल 38 शेल्टर हैं। उन्होंने बताया कि शेल्टर में भेजे जाने से पहले सभी लोगों की रैपिड एंटीजेन जांच कराई गई है। शेल्टरों में सभी कोविड दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। सागने ने बताया कि अहमदाबाद के छह गांवों में छह ऐसे शेल्टर हैं जिनमें 2400 लोगों को रखने की सुविधा है।
मुंबई: मदद के लिए रवाना हुआ आईएनएस कोलकाता
बार्ज गाल कंस्ट्रक्टर जहाज से एसओएस (संकट का संकेत) पाने के बाद आईएनएस कोलकाता मदद के लिए रवाना हो गया है। इस जहाज में 137 लोग सवार हैं और यह मुंबई से करीब आठ नॉटिकल मील दूर है।
शाम छह बजे तक बंद रहेगा मुंबई एयरपोर्ट
ताउते चक्रवात के चलते मुंबई एयरपोर्ट को बंद रखने की अवधि आज (सोमवार) शाम छह बजे तक के लिए बढ़ा दी गई है। 

मुंबई में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित
चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के गुजरात की ओर बढ़ने के बीच मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में सोमवार को बहुत तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे जगह जगह पेड़ उखड़ गए और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। बृहन्मुंबई महानगर निगम (बीएमसी) ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ घंटे के दौरान मूसलाधार वर्षा होने और 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है।
बीएमसी के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि पास के ठाणे जा रही एक ट्रेन पर पेड़ गिर जाने से उपनगरीय घाटकोपर और विखरोली के बीच मध्य रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं आधे घंटे बाधित रहीं।

पीएम मोदी ने की ठाकरे से बात
महाराष्ट्र में ताउते चक्रवात से संबंधित स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की है।

मुंबई के तटीय इलाकों से अबतक 12,420 लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजा गया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि मुंबई के तटीय इलाकों से अबतक 12,420 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। मुंबई, ठाणे, पालघर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है और रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी है।

मुंबई में अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश - मौसम विभाग
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले कुछ घंटों तक मुंबई में भारी बारिश पड़ने की संभावना है।

गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना
ताउते चक्रवात से अबतक प्रभाविक इलाकों में आठ लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा ताउते की वजह से मुंबई में भी ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। 

गोवा के मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री से की बात
गोवा में ताउते से हुई नुकसान की जानकारी मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गृह मंत्री अमित शाह को दी। मुख्यमंत्री सावंत ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। 

अमरेली में तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री
गुजरात के कैबिनेट मंत्री कुंवरजीभाई बवलिया अमरेली में ताउते से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेने वहां पहुंचे। 

गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना - मौसम विभाग
भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी कि सोमवार शाम तक ताउते गुजरात के तट से टकराएगा। इस बीच गुजरात के गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, जूनागढ़ और दीयू में भारी बारिश की संभावना है। 


मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स में तेज हवाओं से गिरे कोविड केयर सेंटर
चक्रवात ताउते की वजह से मुंबई में तेज हवाएं चल रही है। जिसकी वजह से मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स में अस्थायी कोविड केयर सेंटर नष्ट हो गए।


Comments