क्या कोवैक्सीन लगवाने वाले नहीं कर सकेंगे विदेश यात्रा?

अड़चन: क्या कोवैक्सीन लगवाने वाले नहीं कर सकेंगे विदेश यात्रा? डब्ल्यूएचओ की लिस्ट में नहीं यह टीका 

कोवैक्सीन की दोनों खुराकें लेने वाले लोगों को अभी भी अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है। डब्ल्यूएचओ की सूची में कोवैक्सीन शामिल नहीं है। 


बंगलूरू। देश में ही नहीं बल्कि दुनिया में भी अभी कोरोना का कहर जारी है। कोरोना महामारी की वजह से आज भी कई देशों ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। हालांकि कई देश वैक्सीन लगा चुके लोगों को यात्रा की अनुमति दे रहे हैं और कुछ देश इसकी तैयारी में हैं लेकिन भारत बायोटेक की कोवैक्सीन लगवाने वाले लोगों को शायद इसमें राहत ना मिले।
कोवैक्सीन की दोनों खुराकें लगवाने वाले लोगों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा की छूट नहीं मिली है। बता दें कि जिन देशों ने अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को छूट दी है, उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन की आपातकालीन यूज लिस्टिंग की ओर से स्वीकृत की गई वैक्सीन को ही मंजूरी दी है। इस सूची में मॉडर्ना, फाइजर, एस्ट्राजेनेका, जानसेन, सिनोफार्म और सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड शामिल है लेकिन कोवैक्सीन को इसमें जगह नहीं मिली है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन की ताजा गाइडलाइंस के मुताबिक भारत बायोटेक ने डब्ल्यूएचओ की सूची में खुद को शामिल करने की इच्छा जाहिर की है। हालांकि डब्ल्यूएचओ ने और ज्यादा जानकारी की मांग की है। उनके मुताबिक, प्री-सबमिशन बैठक मई-जून में प्लान की गई है। इसके बाद फर्म की तरफ से डोजियर जमा किया जाएगा।
इस डोजियर की समीक्षा के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन की तरफ से वैक्सीन को शामिल करने का फैसला लिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में कुछ सप्ताह से लेकर महीने तक लग सकते हैं।



Comments