यूपी चुनाव 2022: भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर सीएम योगी की मौजूदगी में चल रही है कैबिनेट मंत्रियों की बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पार्टी कार्यालय पर चर्चा चल रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने मंगलवार दोपहर भाजपा कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ यूपी के 2022 में होने वाले चुनाव पर चर्चा की।


लखनऊ। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्रियों की बैठक चल रही है। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष व प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह लखनऊ दौरे पर हैं। जहां पहले दिन मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनी।

आज बीएल संतोष ने दोपहर को भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक की और उनसे सुझाव मांगे। बैठक में राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार, बैठक में सेवा ही संगठन अभियान के तहत पोस्ट कोविड सेंटर, कोरोना टीकाकरण, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात, वृक्षारोपण, सीएचसी व पीएचसी गोद लेने सहित अन्य अभियान पर हो चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि चुनाव के लिए माहौल बनाने के लिए भाजपा सेवा कार्यों के जरिए जनता के बीच जाएगी।

वहीं, सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार के विकास कार्यों और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से जुड़े कामों के सहारे चुनाव मैदान में उतरेगी।

बैठक में आरएसएस के सह-सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के सामने कमेटी के सदस्यों ने चुनावी रणनीति को लेकर सुझाव रखे। वहीं, मुख्यमंत्री ने सुझावों पर पक्ष रखते हुए अपनी सरकार की साढ़े चार साल की प्रमुख उपलब्धियों को कमेटी के सामने रखा। बीएल संतोष व प्रदेश प्रभारी आज भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ले रहे हैं।

Comments