सीएम योगी ने भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश: बोले- विरोधियों को जवाब देने के लिए इंटरनेट मीडिया को बनाएं हथियार

एनेक्सी भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा क्षेत्रीय, जिला व महानगर संगठन के पदाधिकारियों में भरा जोश।

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरोधियों को जवाब देने के लिए इंटरनेट मीडिया को हथियार बनाएं। इंटरनेट मीडिया के भरपूर इस्तेमाल से सरकारी की जनकल्याणकारी योजनाओं को आप जन-जन तक पहुंचा सकते हैं। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा पदाधिकारियों में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री ने संगठन की गतिविधियां तेज करने पर जोर दिया। कहा कि आप सभी को विधानसभा चुनाव की दृष्टि से सामाजिक समीकरण को समझकर इसे  दुरुस्त करना होगा।  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को भाजपा के क्षेत्रीय, जिला और महानगर संगठन के पदाधिकारियों संग बैठक की। एनेक्सी भवन में दो घंटे तक चली बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बूथ व सेक्टर को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख चुनाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी द्वारा निर्धारित प्रत्याशी का संगठन के सभी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पूरी ताकत से साथ दें। उनकी जीत में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।


कोविड काल में निगरानी समितियों की भूमिका सराहनीय

मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्य के अनुभव को साझा किया। उन्होंने शहर और गांवों में बनी निगरानी समितियों की भूमिका को सराहा। कहा कि प्रदेश में अन्य प्रदेशों के मुकाबले कोविड से हुई कम मौतों का क्रेडिट निगरानी समितियों को जाता है। कोराना को नियंत्रित करने में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका भी योगी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कोरोना के तीसरे वेब की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी तैयारी चार चरणों तक के लिए हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आगामी 26 जून से निगरानी समितियों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराया जाएगा, जो कोरोना के तीसरे वेब को नियंत्रित करने में कारगर साबित होगा। स्वागत संबोधन क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने दिया जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता और आभार ज्ञापन जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने किया।

इस दौरान उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, देवेश श्रीवास्तव, ओम प्रकाश शर्मा, अच्युतानंद शाही, शशिकांत सिंह, दयानंद शर्मा, राहुल श्रीवास्तव, पुष्पदंत जैन, विश्वजीताशु सिंह, डॉ सत्येंद्र सिन्हा, प्रदीप शुक्ला, डा. बच्चा पांडेय नवीन, देवेश श्रीवास्तव, ओमप्रकाश शर्मा, शशिकांत सिंह, बृजेश मणि मिश्र, रमेश गुप्ता, चंदन आर्य, मनोज शुक्ला सहित भारतीय जनता पार्टी के पार्षद व मनोनीत पार्षद मौजूद रहे।

Comments