जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी के घर प्रशासन ने चलवाई जेसीबी

अब तक 96 लोगों की जा चुकी है जान

अलीगढ़। बीते शुक्रवार से जहरीली शराब पीकर शुरू हुआ मौत का सिलसिला अब भी जारी है। गुरुवार को छह और मौतों के साथ जिले में शराब पीकर मरने वालों की संख्या 96 तक पहुंच गई है। इसी बीच, जिला प्रशासन ने गुरुवार को जहरीली शराब के मुख्य आरोपी कड़ी कार्रवाई की है।

जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों के जिम्मेदार मुख्य आरोपी विपिन यादव के घर पर गुरुवार को प्रशासन ने जेसीबी चलवाई। प्रशासन की टीम ने 135 वर्ग गज में बने विपिन के घर के अवैध भाग को ध्वस्त किया। जनवरी 2020 में माफिया विपिन के द्वारा पत्नी रचना यादव के नाम से प्लॉट खरीद कर मकान का निर्माण कराया था। प्रशासन की यह कार्रवाई एसडीएम कोल रंजीत सिंह के नेतृत्व में हुई।

आज छह लोगों की हुई मौत, 25 पड़े बीमार

अलीगढ़ के मुंशीपुर में ईट भट्टे पर काम करने वाले कुछ मजदूर नहर से मछली पकड़ने के लिए गए थे। नहर के किनारे देसी शराब के गुड इवनिंग ब्रांड की पेटियां पड़ी देखकर मजदूर पऊए लेकर भट्टे पर लौट गए। अन्य मजूदरों की इसकी जानकारी हुई तो वह भी नहर किनारे से पऊए उठा लाए। देर रात तक मजदूरों ने देशी शराब का सेवन किया। जिसके कुछ घंटे बाद ही मजूदरों की तबियत बिगड़नी शुरू हो गई। पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन व स्वाथ्य विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और भट्टा मजदूरों को एबुंलेंस के जरिए जेएन मेडीकल कॉलेज में भर्ती करवाया। गुरुवार शाम तक इनमें से बिहार के गया जिले के रहने वाले दम्पत्ति सहित छह की मौत हो गई। मेडीकल कॉलेज में भर्ती गंभीर मरीजों में से 10 वेंटीलेटर पर हैं।

Comments