माफिया सुधीर सिंह को पुलिस ने उठाया, गोरखपुर के टॉप- 10 बदमाशों के सूची में है शामिल

 माफिया सुधीर सिंह ने पुलिस पर की फायरिंग। पुलिस ने खुद को बचाते हुए पीछा कर माफिया को पकड़ा। एक पिस्टल, दो कारतूस व एक खोखा बरामद, गीडा थानेदार की तहरीर पर दर्ज हुआ केस।
 


गोरखपुर। गोरखपुर जिले के गीडा के कालेसर निवासी माफिया सुधीर सिंह का बुधवार की देर रात पुलिस से आमना सामना हो गया। सुधीर ने इस दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली मिस हो गई। खुद को बचाते हुए पुलिस ने पीछा कर माफिया सुधीर को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
गीडा इंस्पेक्टर दिनेश दत्त मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने सुधीर के खिलाफ गीडा थाने में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। गुरूवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार दर्ज मुकदमें में इंस्पेक्टर गीडा ने बताया कि वह बुधवार की रात हमराहियों के साथ रात्रि गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिले के टॉप- 10 की सूची में शामिल बदमाश अपने कुछ साथियों के साथ आकर गांव में धमकी दे रहा है।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो एक व्यक्ति आता दिखा और पुलिस को देखते ही पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। उसने दो गोलियां चलाई लेकिन एक गोली मिस हो गई। खुद को बचाते हुए पुलिस ने पीछा कर उसे उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल सुधीर सिंह शातिर अपराधी है उसपर गीडा, कैंट सहित कई थानों में हत्या के प्रयास, हत्या आदि आरोप में दर्जनों केस दर्ज है। वह गीडा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसपर गैंगेस्टर, गुंडा की कार्रवाई भी हो चुकी है। उसकी संपत्ति भी जब्त हो चुकी है। जिले के बदमाशों की टॉप- 10 सूची में भी वह शामिल है।
वह पिपरौली ब्लाक का ब्लॉक प्रमुख भी रह चुका है। उसे पुलिस ने देवरिया के लिए जिला बदर भी किया था। उसने इस बार चुनाव में चुपके से अपनी पत्नी के नाम से पर्चा भी दाखिल कर दिया था। लिहाजा प्रशासन ने पर्चा खारिज करा दिया था।
जिला बदर होने के बावजूद भी 25 मई को वह चेचरी बहन की शादी में आया था। पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने हाईकोर्ट का अरेस्ट स्टे ऑर्डर दिखा दिया था। जिसके बाद पुलिस ने उसकी तीन लग्जरी गाडियों को सीज कर दिया था। जिला बदर की समय सीमा अभी भी शेष है। इस दौरान वह गांव में एक पार्टी में शामिल होने आया था। जिसके बाद सूचना पर पुलिस पहुंची जहां उसने पुलिस पर गोलियां चला दी।

Comments