महिला नसबंदी में गोरखपुर सूबे में अव्वल

 विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा

सात अन्य विधाओं में जिला टॉप टेन में

रणनीतिक प्रयासों और पार्टनर संस्थाओं के सहयोग से मिली सफलता

 



गोरखपुर। प्रदेश में 11 से 31 जुलाई तक चले विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान कुल 1508 महिलाओं को नसबंदी की सेवा देकर गोरखपुर जिले ने सूबे में पहला स्थान हासिल किया है । परिवार नियोजन की अन्य  सात विधाओं में भी जिला टॉप टेन की सूची में है । अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. नंद कुमार ने बताया कि यह सफलता प्रतिदिन की रणनीति, अंग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टनर संस्था उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (यूपीटीएसयू) की मदद से संभव हो सकी है।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यूपीटीएसयू से जुड़े जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ (डीएफपीएस) प्रतिदिन राज्य स्तर पर गोरखपुर की रैकिंग की रिपोर्ट देकर लक्ष्य अर्जित करने के लिए उत्साहित करते थे । जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) पंकज आनंद समेत पूरी टीम ब्लॉक से कोआर्डिनेट करती थी और ब्लॉक की टीम अंग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं के जरिये रैकिंग सुधारने के प्रयास में जुटी थी । इसके सुखद परिणाम सामने आए हैं । उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में  स्वयंसेवी संस्था पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल (पीएसआई)-द चैलेंज इनीशिएटिव फॉर हेल्दी सिटीज ने भी काफी सहयोग किया । स्वास्थ्य संचार के स्तर पर स्वयंसेवी संस्था सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड  रिसर्च सीफॉर ने लोगों को जागरूक किया। सभी के सम्मिलित प्रयासों से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पांडेय के दिशा-निर्देशन में यह सफलता मिली है।

पखवाड़े की उपलब्धियां

विधा        सेवा दी गयी    प्रदेश में रैकिंग
महिला नसबंदी      1508        प्रथम स्थान
पुरुष नसबंदी         12          14वां स्थान
पीपीआईयूसीडी     1550        दूसरा स्थान
आयूसीडी             3188        आठवां स्थान
अंतरा इंजेक्शन    3789        दूसरा स्थान
छाया                   15997        नौवां स्थान
कंडोम                  2,21,460     दूसरा  स्थान
ओरल पिल्स        21481        पांचवां  स्थान
इमर्जेंसी पिल्स     10709    तीसरा स्थान

गत वर्ष के पखवाड़े की तुलना में बढ़े लाभार्थी

विधा पिछले वर्ष दी गयी सेवा                   इस वर्ष दी गयी सेवा
महिला नसबंदी    334                               1508
पुरुष नसबंदी        2                                       12
आयूसीडी            1372                              3188
पीपीआईयूसीडी   1099                              1550
अंतरा                  1323                             3789

कोविड प्रोटोकॉल के तहत दी गयी सेवा

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नसबंदी व अन्य सेवाएं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दी गयीं । नसबंदी के लाभार्थियों का एंटीजन टेस्ट किया गया और निगेटिव रिपोर्ट आने पर ही सेवा दी गयी । जिले में परिवार नियोजन की सेवाएं कोविड नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से दी जा  रही हैं ।


Comments