बर्डघाट रामलीला कमेटी के अध्यक्ष का सिर फोड़ा, चेन लूटी

 

गोरखपुर। मूर्ति विसर्जन के दौरान ही नशे में धुत बदमाशों ने बर्डघाट रामलीला कमेटी व गोरखपुर सराफा मंडल के अध्यक्ष पंकज गोयल पर हमला कर दिया। इससे पंकज गोयल को गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि बदमाशों ने अध्यक्ष के गले से सोने की चेन भी लूट ली है। इसे लेकर हंगामा भी हुआ है। व्यापारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। इस बीच आसपास के लोगों ने अभिषेक सिंह और अमित चौधरी नाम के दो युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

जानकारी के मुताबिक, तालाब के बजाय नदी में मूर्ति विसर्जन करने के लिए दुर्गा बाड़ी प्रतिमा के साथ आए कुछ लोग जिद पर अड़ गए। इस पर प्रशासन और पुलिस के लोगों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच बर्डघाट रामलीला कमेटी व सराफा मंडल के अध्यक्ष पंकज गोयल राघव शक्ति मिलन के रथ से पास से अपने घर की तरफ जा रहे थे। पंकज रुके और उन्होंने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस पर कुछ बदमाशों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि पंकज के सिर पर तेजी से प्रहार किया गया। इससे सिर फूट गया है। पंकज का आरोप है कि गले से सोने की चेन लूट ली गई है। रामलीला कमेटी के सदस्य और राघव शक्ति मिलन के आयोजन राकेश वर्मा ने बताया कि इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग प्रशासन के कैमरे में मौजूद है। आरोप लगाया कि बावजूद इसके पुलिस ने दोनों युवकों को भगा दिया। शनिवार को सराफा मंडल के लोगों ने एसएसपी से मिलकर शिकायत की और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है।

Comments