आरती-पूजन के बीच मना अवधूत भगवान राम जी का महापरिनिर्वाण दिवस

वैदिक मंत्रोचार के साथ किया गया पूजा-अर्चना, असहायों को कराया भोजन, बांटे कंबल

पीठ प्रमुख अवधूत छबीले राम के द्वारा करीब ढाई सौ साधु-संतों एवं गरीब निराश्रितों में कंबल वितरित किया गया


गोरखपुर। शिव अवतारी अवधूत भगवान राम जी "सरकार बाबा" का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अघोरपीठ आश्रम में अवधूत भगवान राम जी का महापरिनिर्वाण दिवस सोमवार को पूरे विधि-विधान के साथ मनाया गया। प्रातः काल महाप्रभु की आरती पूजन एवं प्रसाद वितरण के बाद दिन में 11:00 बजे पीठ प्रमुख गुरुदेव अवधूत छबीले राम जी ने अघोरेश्वर महाप्रभु जी का पुष्प श्रृंगार कर महा आरती की। महाआरती के समय शंख, डमरु, ढोल, नगाड़ा डमरा के वादन एवं हर हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो रहा था।

आरती के पश्चात प्रसाद वितरण एवं विशाल सहभोज का आयोजन हुआ। जिसमे सर्वप्रथम पीठ प्रमुख ने सभी पंगत में बैठे साधु संत एवं भक्तों को अपने हाथों से भोजन परोसा। भोग प्रसाद ग्रहण करने के बाद करीब ढाई सौ साधु-संत एवं जरूरतमंदों में कंबल का वितरण किया गया। कंबल वितरण में उनके साथ अघोरपीठ ट्रस्ट के उपाध्यक्ष डा. रूप कुमार बनर्जी के साथ सभी आश्रम के भक्त पूरी तत्परता से लगे रहे।

इस अवसर पर पीठ प्रमुख ने सरकार बाबा की वाणी को दोहराते हुए कहा" भेद भ्रम है और अभेद ब्रह्म है"। उन्होंने आगे कहा कि जाति धर्म से परे सभी मानव एक समान है और सभी उस परम दिव्य प्रकाशपुंज महाप्रभु जी द्वारा आशीर्वादित एवं रक्षित है।

सायंकाल भजन संध्या में आश्रम के भक्तों ने बाबा कीनाराम जी, बाबा अवधूत भगवान राम जी, एवम् बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी के शान में भजन गाकर भक्ति की रसधार बहाई। संध्या आरती के पश्चात पुनः सहभोज का आयोजन तत्पश्चात कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की गई।

इस अवसर पर आस्था व श्रद्धा के साथ बड़ी संख्या में लोग आश्रम में उपस्थित रहे।

Comments