प्रबंध कार्यकारिणी पदाधिकारियों ने ली पद व गोपनीयता की शपथ

दिव्य शाकद्वीपीय ब्राह्मण समिति की नवगठित प्रबंध कार्यकारिणी चयनित पदाधिकारियों का हुआ शपथ ग्रहण


गोरखपुर। दिव्य शाकद्वीपीय ब्राह्मण समिति, गोरखपुर की महत्वपूर्ण मासिक समीक्षा बैठक अशोक नगर के बशारतपुर स्थित श्री दुर्गा मन्दिर के सभागार में रविवार को आयोजित किया गया। उक्त अवसर पर समिति के पुनर्गठित नवीन कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन समिति की पूर्व पूर्णकालिक समिति द्वारा नामित व नियुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी आचार्य रामधार पाण्डेय व सहयोगी सदस्यगण के देखरेख में सम्पन्न कराया गया। समिति के पुनः चयनित अध्यक्ष शरद चन्द्र पाण्डेय जी के साथ ही प्रबंध कार्यकारिणी के समस्त चयनित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कराया गया। अध्यक्ष महोदय के साथ ही उपाध्यक्ष आशुतोष मिश्र, महामंत्री अमरनाथ मिश्र, कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्र, संगठन मंत्री अनन्त मिश्र, संयुक्त मंत्री रजनीश मिश्र, सांस्कृतिक प्रचार प्रसार मंत्री डा० आलोक मिश्र और विधिक कार्य मंत्री उद्भवेश मिश्र ने अपने पद व गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित समिति के विशिष्ट संरक्षक पूर्व जनपद न्यायाधीश श्री विजय प्रकाश मिश्र जी ने कहा कि दिव्य शाकद्वीपीय ब्राह्मण समिति एक सम्पूर्ण व सशक्त संगठन है जो संविधान के अनुरूप उत्तरोत्तर विशालता प्राप्त कर रहा है। विशिष्ट संरक्षक सदस्य श्री अरविंद कुमार पाठक ने उक्त कथन को संपुष्ट किया तथा प्रदेश स्तर पर संगठन का विस्तार करने पर सुझाव दिया। मुख्य चुनाव अधिकारी श्री रामाधार पाण्डेय एवं सहायक चुनाव अधिकारी श्री सत्य चरण पाण्डेय जी ने चुनाव की विधिसम्मत प्रक्रिया पर सम्यक प्रकाश डालते हुए निर्वाचन की पारदर्शिता का विस्तृत वर्णन किया। पुनः चयनित अध्यक्ष शरद चन्द्र पाण्डेय ने चुनाव अधिकारीगण के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा संगठन को माली की तरह सिंचित करने व कहार की तरह निष्ठापूर्वक दायित्वों का निर्वहन कर समर्पण की भावना से प्रत्येक पदाधिकारी को कार्य करने पर बल दिया। जनपद सिद्धार्थ नगर जिलाध्यक्ष श्री अभय कुमार पाण्डेय के साथ अन्य उपस्थित सदस्यों में विशिष्ट संरक्षक श्री प्रेमनाथ मिश्र, कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार मिश्र, डॉ० आशुतोष मिश्र, उमानाथ पाण्डेय, राजेंद्र पाण्डेय, चन्द्र धर पाण्डेय आदि की उपस्थिति गरिमामयी रही। बैठक में विचारणीय अन्य मुख्य बिन्दुओं में गत नवम्बर माह में समिति द्वारा आयोजित 'स्थापना दिवस समारोह एवं वैवाहिक परिचय सम्मेलन' की समीक्षा किये जाने के साथ ही आगामी वर्ष 2022 में समिति द्वारा मनाए जाने वाले विविध कार्यक्रमों की संक्षिप्त रूपरेखा तथा तिथि निर्धारण पर विचार किया गया। समीक्षा बैठक के इस अवसर पर सदस्यता अभियान तथा संगठन सशक्तिकरण एवं विस्तार पर विचार विमर्श के साथ ही समिति की वार्षिक पत्रिका दिव्य प्रकाश का वितरण सदस्यों को किया गया। समस्त आगंतुकों व विशिष्ट अतिथियों के स्वागत में अनन्त मिश्र एवं रजनीश मिश्र का विशेष योगदान रहा। समारोह की व्यवस्था में मंदिर के पुजारी श्री राकेश मिश्र जी ने पूर्ण समर्पण प्रदर्शित किया। महामंत्री अमरनाथ मिश्र ने समारोह का कुशल संचालन करते हुए अंत मे समस्त आगंतुकों का एवं चुनाव समिति के सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Comments