कांग्रेस के एक धड़े ने पिता के साथ किया अन्याय, गांधी जी ने लिया था नेहरू का पक्ष : नेताजी की बेटी

 

अनीता बोस ने कहा कि कांग्रेस में एक ऐसा धड़ा था, जिसने नेताजी के साथ अन्याय किया। गांधी जी ने नेहरू का पक्ष लिया। वो मेरे पिता को काबू नहीं कर पा रहे थे। अनीता बोस ने कहा कि नेताजी के साथियों की निंदा की गई।  उन्हें लंबे समय तक वैसा लाभ नहीं मिला जैसा अंग्रेजों के लिए लड़ने वालों को मिला था।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसको लेकर पीएम पहले ही एलान कर चुके हैं कि इंडिया गेट पर जिस छतरी के नीचे पहले जॉर्ज पंचम की मूर्ति लगी थी, वहां अब नेताजी सुभाष चंद्र बोस की ग्रेनाइट से बनी प्रतिमा लगाई जाएगी।

इधर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की बेटी अनीता बोस ने इस फैसले पर खुशी जताई है। उन्‍होंने कहा, ‘मैं फैसले से बहुत खुश हूं। इंडिया गेट बहुत अच्छा स्थान है। मुझे निश्चित रूप से खुशी है कि उनकी प्रतिमा को इतने प्रमुख स्थान पर लगाया जाएगा।' इसके अलावा ज़ी न्यूज से बातचीत करते हुए अनीता बोस ने कहा कि कांग्रेस में एक ऐसा धड़ा था, जिसने नेताजी के साथ अन्याय किया। गांधी जी ने नेहरू का पक्ष लिया। वो मेरे पिता को काबू नहीं कर पा रहे थे। अनीता बोस ने कहा कि नेताजी के साथियों की निंदा की गई। उन्हें लंबे समय तक वैसा लाभ नहीं मिला जैसा अंग्रेजों के लिए लड़ने वालों को मिला था। उन्होंने कहा कि नेताजी ने मुसोलिनी से दो बार मुलाकात की थी क्योंकि वो चाहते थे कि जर्मनी, जापान और इटली, भारत की स्वतंत्रता के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करें। 

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि जब तक नेताजी की ग्रेनाइट की प्रतिमा बनकर तैयार नहीं हो जाती, तब तक उस स्थान पर उनकी एक होलोग्राम प्रतिमा लगाई जाएगी। इसका लोकार्पण वे नेताजी की 125वीं जयंती के अवसर पर 23 जनवरी को करेंगे। नेताजी की प्रतिमा लगाए जाने के फैसले पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के भतीजे अर्धेंदु बोस ने कहा था कि नेताजी की स्मृति में जो महत्व दिया जा रहा है, वह बहुत मायने रखता है कि सरकार नेताजी के बारे में बहुत कुछ सोचती है। मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो किया है, वह नेताजी की याद में बिल्कुल शानदार कदम है, पूरा परिवार बहुत खुश है।

 

Comments